साथी की मौत के बाद उदास बैठे कांवड़िये
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज के महादेवी घाट पर रविवार को गंगा स्नान करने के बाद गहराई में जाकर बोतल में जल भरते समय एक कांवड़िया डूब गया। गोताखोरों ने उसकी तलाश में करीब सात घंटे तक गंगा की तलहटी खंगाली, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
उसके साथियों ने परिजनों को फोन पर गंगा में डूबने की सूचना दी। सीतापुर जिले के महोली थाना क्षेत्र के गांव पांडेय पकरिया निवासी मुनीश दीक्षित (35) पुत्र सोने लाल रविवार को गांव के करीब 50 साथियों के साथ ट्रैक्टर ट्राली से महादेवी गंगा घाट आया था।
सुबह करीब छह बजे साथियों के साथ गंगा स्नान करने के बाद बाबा गौरी शंकर को जलाभिषेक करने के लिए बोतल में गंगाजल भरने के लिए गहरे पानी में चला गया। बहाव तेज होने से वह गंगा में डूब गया। उसे डूबता देखकर कई गोताखोर बचाने के लिए कूद गए, लेकिन तेज धारा के चलते वह बह गया।
सदर कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने 12 बजे तक गोताखोरों से उसे तलाश कराया, लेकिन पता नहीं चल सका। नहाते समय गहरे पानी की ओर जाने से रोकने के लिए प्रशासन की ओर से गंगा में बल्लियों से बेरीकेडिंग कराई गई है। बताते हैं कि मुनीश बेरीकेडिंग फांदकर गहरे पानी की ओर जा रहा था। तभी गोताखोरों ने उसे मना किया था, लेकिन साफ पानी भरने की जिद करते हुए वह गहराई में चला गया और डूब गया।