इटावा। सावन के सोमवार में फर्रुखाबाद से जल लेकर आने वाले कांवड़ियों को राहत देने के लिए शनिवार शाम से शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। शहर के रामगंज, राजागंज समेत प्रमुख चौराहों के लिए भी ऑटो और ई-रिक्शा को एंट्री नहीं मिल सकेगी। यह व्यवस्था सभी सावन के शनिवार रात आठ बजे से सोमवार रात आठ बजे तक लागू रहेगी।
एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए आते हैं। जिले की सीमा में थाना चौबिया क्षेत्र से प्रवेश कर बसरेहर होते हुए भरथना चौराहा पहुंचते हैं। यहां से फर्रुखाबाद ओवरब्रिज होकर शहर में प्रवेश करते हैं।
ओवरब्रिज से दाएं मुड़कर साबितगंज, तहसील चौराहा, बल्देव चौराहा से कुछ कांवड़िए नीलकंठ मंदिर पर जलाभिषेक करते हैं। इनमें बड़ी संख्या में कांवड़िए भिंड (मप्र) के होते हैं, जो बल्देव चौराहा से रामगंज, पचराहा, छैराहा, टीटी तिराहा होते हुए उदी चौराहा से चंबल पुल पार करते हुए थाना फूफ से होकर गंतव्य के लिए जाते हैं। आगरा की ओर जाने वाले शिव भक्त कांवड़ लेकर उदी चौराहा से दाहिनी ओर मुड़कर थाना बढ़पुरा, पछायगांव होते हुए थाना चित्राहाट, बाह से आगरा में प्रवेश करते हैं। ऐसे में कांवड़ यात्रा के दौरान भारी वाहनों के आवागमन से हादसों की आशंका रहती है इसलिए रूट डायवर्जन किया गया है।
- फर्रुखाबाद की तरफ से आने वाले भारी वाहन जो बसरेहर, नेशनल हाईवे के अंडरब्रिज होकर जाना चाहते हैं वे थाना चौबिया की कर्री पुलिया से सैफई हवाई पट्टी होते हुए आईटीआई चौराहा से नेशनल हाईवे पर पहुंच सकेंगे।
- इकदिल की तरफ से फर्रुखाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहन आईटीआई चौराहा से सैफई हवाई पट्टी, कर्री पुलिया होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
- बस स्टैंड से रोडवेज की बसें जिन्हें फर्रुखाबाद की तरफ जाना है वे चौधरी पेट्रोल पंप, एसएसपी चौराहा, आटीआई चौराहा से सैफई हवाई पट्टी, कर्री पुलिया होते हुए अपनी गंतव्य को जाएंगी।
- जो भारी वाहन लोहन्ना चौराहे से यमुना ब्रिज की तरफ से मप्र जाना चाहते हैं, वे लोहन्ना चौराहा से सांई धर्मकांटा से सराय भूपत होते हुए कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे से बकेवर, चकरनगर होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
- जो भारी वाहन चकरनगर से इटावा शहर की तरफ जाना चाहते हैं, वे नेशनल हाईवे के माध्यम से बकेवर, इकदिल होते हुए अपने गंतव्य के लिए जाएंगे।
- शहर में इन रूटों पर नहीं जा सकेंगे ऑटो-ई रिक्शा
- काजी पंप से ऑटो, ई-रिक्शा साबितगंज की ओर न जा सकेंगे।
- नौरंगाबाद चौराहा से ऑटो, ई-रिक्शा साबितगंज की ओर न जा सकेंगे।
- राजागंज से ऑटो, ई- रिक्शा बल्देव चौराहा की ओर न जा सकेंगे।
- रामगंज चौराहा से तहसील चौराहा, साबितगंज की ओर ऑटो, ई-रिक्शा न जा सकेंगे।