कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को पड़ोसी से झगड़े के बाद पुलिस की कार्यशैली से नाराज युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को परिजनों ने उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया है। कल्याणपुर कला निवासी अनुराग दीक्षित उर्फ राहुल करीब तीन सप्ताह पहले हुए विवाद को लेकर पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट हैं। परिजन का आरोप है कि 11 जनवरी को उसने पड़ोसी शुभम कटियार को बुलेट की तेज आवाज को लेकर टोका था। इस पर पड़ोसी ने अपने परिजन और साथियों के साथ मिलकर अनुराग के भाई अभिषेक दीक्षित को पीट दिया। आरोपियों ने बीच-बचाव में आई मां गीता देवी पर भी हमला किया। मामले में मां को कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक समेत नौ नामजद और 19 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के 25 दिन बाद भी पुलिस आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही थी। युवक की मांग थी कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाए जबकि पुलिस ने आरोपियों पर सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई की थी। वहीं, पुलिस के अनुसार शनिवार को भी शुभम से राहुल का विवाद हो गया था। इसके बाद शुभम की सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने राहुल से पूछताछ की थी और इसके बाद लौट गए थे। उनके जाने के कुछ देर बाद उसने आग लगा ली। युवक के भाई अभिषेक दीक्षित ने पुलिस पर उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पड़ोसी युवक से पीड़ित का पुराना विवाद है। युवक ने पड़ोसी के खिलाफ कुछ दिन पहले एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ तीन फरवरी को चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। तत्कालीन चौकी प्रभारी को निलंबित कर विवेचना दूसरे से कराई गई थी। शनिवार को दोनों पक्षों में फिर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस की कार्यशैली से आहत होने या पकड़ने जाने के दौरान आग लगाने की बात गलत है।