किदवईनगर चौराहे के पास स्थित एक स्वीट हाउस के बाहर भट्टी पर खौल रहे दूध की कड़ाही से नशे में धुत एक युवक टकरा गया। इससे कड़ाही पलटने से युवक झुलस गया। स्वीट्स हाउस के कर्मचारियों ने उसे उर्सला अस्पताल भिजवाया गया। यहां शनिवार को उसकी मौत हो गई। रविवार को परिजन स्वीट हाउस पहुंचे और कर्मियों पर खौलता दूध डालने का आरोप लगाया। हालांकि स्वीट्स हाउस में लगे कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। बाबूपुरवा थाना प्रभारी अरुण द्विवेदी ने बताया कि हमीरपुर जिले के सुमेरपुर के दरियापुरवा गांव निवासी मनोज कुमार सोनकर (35) बाबूपुरवा क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था।
शुक्रवार रात करीब दस बजे मनोज नशे की हालत में किदवईनगर चौराहे स्थित हरिओम स्वीट्स एवं दुग्ध भंडार के पास पहुंचा। वहां दुकान के बाहर कड़ाही पर दूध गर्म हो रहा था। इस दौरान मनोज को कर्मियों ने रोकने की कोशिश लेकिन वह माना और खौलते दूध की कढ़ाई से टकरा गया। इससे कढ़ाव उसके ऊपर ही पलट गया। शनिवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया खौलते दूध में गिरने से युवक की मौत होना प्रतीत हो रहा है। बाकी मामले की जांच की जा रही है।