Kanpur News: चकेरी के कांशीराम अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। जिसपर उसे हैलट रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुस्साए परिजनों ने कांशीराम अस्पताल में हंगामा काटा।
चकेरी रामादेवी स्थित कांशीराम अस्पताल में ऑपरेशन के 10 घंटे बाद महिला की हालत बिगड़ गई। इसपर उसे हैलट रेफर कर दिया गया। जहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसपर परिजन शव वापस लेकर कांशीराम अस्पताल लौटे। फिर उन्होंने ऑपरेशन में लापरवाही बताकर अस्पताल में हंगामा किया। वहां पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाबुझा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अजय सिंह ने बताया कि उनकी बहन मीना सिंह (34) खुजेली सवाइजपुर नर्वल में रहतीं थी। वहीं बहनोई सौरभ सिंह प्राइवेट कर्मी हैं। बताया कि मीना के यूट्रस में कुछ समस्या थी। इसपर उसे कांशीराम अस्पताल में दिखाया था। यहां ऑपरेशन के लिए शनिवार की दोपहर दो बजे भर्ती किया। इसके बाद करीब चार बजे उसका ऑपरेशन सर्जन डॉ. रश्मि शर्मा ने किया। देर रात मीना की हालत बिगड़ने लगी। इसपर उसे कांशीराम से हैलट रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में अस्पताल के कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक नवीन चंद्रा ने बताया कि मरीज दो माह से अस्पताल आ रही थी। ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप गलत है, ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद महिला को घबराहट हुई। इसपर उसे हैलट रेफर किया गया था।