Kanpur News: शुक्रवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने गेहूं की तैयार फसल को जमीन पर बिछा दिया है। मौसम विभाग की दो दिनों की चेतावनी ने पुरवामीर सहित अन्य गांवों के किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।
कानपुर में शुक्रवार को अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। दिनभर रिमझिम बारिश के बाद रात में तेज आंधी तूफान और बारिश ने गेहूं की फसल को बुरी तरह प्रभावित किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान फसल गिरने से बेहद परेशान हैं।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक इसी तरह के मौसम का अंदेशा जताया है। पुरवामीर गांव के किसान उमेंद्र सिंह ने बताया कि तेज आंधी और बारिश से फसल गिर गई है, जिससे पैदावार में कमी होगी। यदि मौसम इसी तरह रहा, तो गेहूं के साथ दलहन की फसलों को भी भारी नुकसान हो सकता है।