बारिश से नाले-नालियां उफनाए, जाम से छूटा पसीना
उमस भरी गर्मी से निजात पाने के लिए शहरी बारिश के लिए दुआ कर रहे थे, लेकिन मंगलवार शाम बारिश होते ही आफत आ गई। कुछ मिनटों में नालों और नालियों की सफाई की पोल खुल गई। बारिश के बाद नालियां उफना गईं और सड़कें लबालब हो गईं। सीसामऊ नाला उफनाया गया, जिससे वीआईपी रोड पर लंबा जाम लगा रहा।
जूही खलवा पुल हो गया बंद
यातायात प्रभावित होने से लोग जाम में फंसे रहे। घरों के अलावा फैक्टरियों में भी पानी घुस गया। दादानगर और पनकी औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों पर पानी ही पानी दिखता। फैक्टरियों के अंदर रखा सामान भीग गया जिससे उद्यमियों का नुकसान हुआ। जूही खलवा पुल बंद हो गया। साथ ही कई बस्तियों के घरों में पानी भरा रहा।
लोग किसी तरह गली-कूंचों से होकर निकले
हर क्षेत्र में जलभराव नजर आया। मंगलवार शाम 20 मिनट की तेज बारिश में सड़कों पर हर तरफ पानी नजर आया। वीआईपी रोड और भौंती नेशनल हाई वे पर यातायात प्रभावित हो गया। ग्वालटोली और खलासी लाइन में की सड़कों पर पानी भर गया। लोग किसी तरह गली-कूंचों से होकर निकले।
मोहल्लों में नालियां ब्लॉक होने से हुई दिक्कत
गोविंदनगर, आरबीआई कालोनी रोड, केशवनगर आदि क्षेत्रों में पानी भर गया। इसके अलावा किदवईनगर, पनकी के सी और बी ब्लाक, शास्त्रीनगर, कौशलपुरी, पीपीएन मार्केट, साइकिल मार्केट, रावतपुर आदि इलाकों में पानी भरा रहा। इन क्षेत्रों के घनी आबादी वाले मोहल्लों में नालियां ब्लाक होने से दिक्कत हो गई। घरों के अंदर पानी आ गया।
नगर आयुक्त ने दिए जोनल अधिकारियों को निर्देश
इसके अलावा कलक्टरगंज थाने के सामने नालियों के उफनाने से व्यापारियों की दुकानों में पानी घुस गया। व्यापारी नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते रहे। नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन ने जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी जलभराव हो, वहां तुरंत जल निकासी की व्यवस्था करें।
भैंरोघाट की बिजली गुल, जलापूर्ति ठप
बारिश होने की वजह से भैरोंघाट पंपिंग स्टेशन और बेनाझाबर जलापूर्ति स्टेशन की बिजली गुल हो गई। इससे 67 वार्डों में जलापूर्ति प्रभावित हो गई। जलकल के अधिकारियों का कहना था कि बुधवार सुबह तक आपूर्ति दुरुस्त हो जाएगी।