न्यूनतम पारा 3.6 डिग्री घटा
मौसम विज्ञानियों ने कानपुर परिक्षेत्र और प्रयागराज के खुशनुमा माहौल का अनुमान लगाया है। दिनभर धूप रहने के साथ ही धुंध और कोहरा भी कम रहेगा। सुबह और रात को हल्का कोहरा रहेगा। रात में आसपान साफ रहने की वजह न्यूनतम पारा सामान्य 9.9 डिग्री से 3.6 डिग्री घट गया।
तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा
वहीं, दिन में धूप रहने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य 21.8 डिग्री से 4.4 डिग्री अधिक रहा। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। कोहरा और बादल आने पर तापमान घट जाएगा।
हल्की बारिश और बर्फबारी संभव
उन्होंने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और आसपास के इलाकों पर है। एक और पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान पर है। बादलों की शृंखला उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान तक फैली हुई है।
कानपुर परिक्षेत्र पर प्रभाव पड़ने के आसार नहीं
पश्चिमी विक्षोभ के पहुंचने पर हिमालय के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। 22 और 24 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी की संभावना है, लेकिन कानपुर परिक्षेत्र पर इसका प्रभाव पड़ने के आसार नहीं हैं।