सरसौल के तिवारीपुर में चार दिन से जलभराव
- फोटो : amar ujala
कानपुर में नरवल तहसील के विकासखंड सरसौल के अंतर्गत तिवारीपुर गांव पिछले चार दिनों से भीषण जलभराव की चपेट में है। गांव की मुख्य सड़क और गलियों में ढाई फीट तक पानी भरा है। शिकायत के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई सुध नहीं ली। मुख्य मार्ग बड़ागांव, दलपतपुर, पूरनपुर, थरेपाह आदि गांवों को हाईवे से जोड़ने वाली सड़क पर करीब सौ मीटर तक पानी भरा है।
इससे स्कूली बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है और वे घरों में कैद हैं। किसान और मजदूर कमर तक भरे गंदे पानी में घुसकर रोजमर्रा के काम करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के संतोष कुमार, लाखन सिंह, सुरेंद्र यादव, गुरु यादव, राधेलाल, दयालू सहित करीब 40 से 50 घरों में पानी भर गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के नाले सिल्ट से बंद पड़े हैं। सफाई न होने से हर बारिश में यही स्थिति बनती है।