कानपुर में रविवार की रात से सोमवार की शाम तक हुई बारिश ने केस्को, नगर निगम और यूपीसीडा की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। जलभराव और बिजली संकट के कारण औद्योगिक क्षेत्रों में कामकाज प्रभावित रहा। सुबह आठ बजे गई बिजली शाम चार बजे के बाद बहाल हो सकी। इससे पहली पाली में पहुंचे सैकड़ों कर्मचारी फैक्टरियों में खाली बैठे रहे। उत्पादन ठप होने से उद्यमियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। बरसात के चलते बाजार दो घंटे की देरी से खुले। ग्राहक व कर्मचारी कम आए तो शाम को दुकानें जल्द बंद हो गईं।
दादानगर, पनकी साइट-एक, दो, तीन, चार और पांच, फजलगंज, इस्पातनगर और रूमा औद्योगिक क्षेत्रों में करीब 10 हजार इकाइयां संचालित हैं। बारिश के बाद इन इलाकों में कई जगह जलभराव हो गया। दादानगर में सुबह से बिजली आपूर्ति बाधित रही जबकि पनकी औद्योगिक क्षेत्र में ट्रिपिंग की समस्या रही। आईआईए के मंडलीय अध्यक्ष दिनेश बरासिया ने बताया कि सुबह नौ बजे से फैक्टरी में पहली शिफ्ट शुरू होती है। दादानगर के एक फीडर से जुड़े ट्रांसफार्मर में खराबी के कारण शिफ्ट शुरू होने से पहले ही बिजली चली गई। केमिकल, प्लास्टिक, इंजीनियरिंग और पैकेजिंग उद्योग लगातार चलने वाले हैं। बिजली न आने से उत्पादन प्रभावित हुआ इनसे जुड़ी इकाइयों में कच्चा माल खराब हो गया। शाम को कर्मचारियों की छुट्टी के समय बिजली आई।