कानपुर में तीन दिन जलकल क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत कराएगा। इस वजह से दो से चार जून तक काकादेव, नवीननगर, गीतानगर, पांडुनगर व आसपास के इलाकों में पानी की आपूर्ति ठप रहेगी। इससे करीब एक लाख की आबादी प्रभावित रहेगी। जोन-6 के अंतर्गत राजापुरवा मलिन बस्ती में जल निकासी के लिए नगर निगम पाइप लाइन डालने का काम करा रहा था।
इस दौरान बेनाझाबर डब्ल्यूटीपी से काकादेव जोनल पंपिंग स्टेशन को भरने वाली पीएसी पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसकी मरम्मत कराने के कारण काकादेव जोनल पंपिंग स्टेशन से दो से चार जून तक पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। जलकल के अधिशासी अभियंता मो. समीम ने इस अवधि में संबंधित क्षेत्रों में टैंकरों से जलापूर्ति कराने की व्यवस्था की है।