Kanpur News: कानपुर के शिवराजपुर ब्लॉक के सखरेज गांव में पानी का संकट गहराता जा रहा है। करीब 20 हजार की आबादी वाला यह गांव इन दिनों बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहा है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दो-दो किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। गांव में जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
सखरेज गांव के लोग साइकिल, बाइक और ट्रैक्टर के सहारे दूर-दराज से पानी ढोने को मजबूर हैं। सुबह से ही पानी भरने के लिए लाइन लग जाती है और महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से वे इस समस्या को लेकर लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों ने जल निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। गांव में पाइपलाइन और हैंडपंप की स्थिति खराब है, जिससे पेयजल संकट और गहरा गया है।
विज्ञापन
अब नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगामी चुनाव का बहिष्कार कर सकते हैं। इस चेतावनी के बाद प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है, लेकिन अभी तक जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।