कानपुर में ट्रेनों में चोरी समेत विभिन्न मामलों में आरोपी गुलजार उर्फ आंशू को जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के आधार पर पुलिस ने उसे जाजमऊ के वाजिदपुर स्थित घर के बाहर से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 25 मुकदमे दर्ज हैं।
जीआरपी के अनुसार, गुलजार उर्फ आंशू (34) के खिलाफ कानपुर सेंट्रल थाने में दर्ज चोरी और चोरी का माल रखने के मामले में न्यायालय से वारंट जारी हुआ था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम काफी समय से इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और जमीनी सूचनाओं के आधार पर प्रयास कर रही थी। शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।