पूजित गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों को विदाई देने के लिए रविवार को अमर उजाला एवं श्री ओमर वैश्य युवा परिवार के संयुक्त तत्वावधान में किदवईनगर में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दाैरान पूजित मूर्तियों के भू-विसर्जन का संकल्प लिया गया। किदवईनगर चौराहे से मार्बल मार्केट तक हर्षित ओमर और विनायक पोद्दार की अगुवाई में लोगों से मिट्टी की गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां लेने और पुरानी मूर्तियों का विधिपूर्वक भू-विसर्जन करने की अपील की गई।
विज्ञापन
वार्ड 14 की पार्षद शालू कनौजिया ने मूर्ति एकत्रीकरण के लिए लगने वाले स्टाॅल पर सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी ली। अभियान में किदवईनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल उत्तम, मार्बल मार्केट व्यवस्था समिति के महामंत्री हिमांशु पाल, दक्षिण युवा उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री रामजी अग्रवाल, सचिन ओमर, आयुष गुप्ता आदि व्यापारी मौजूद रहे।