नागरिकता कानून पर कानपुर में हिंसा (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
सीएए (नागरिकता संशोधन कानून) के विरोध में हुई हिंसा के मामले में एसआईटी ने शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी को हिंसा में गोली लगी थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद से वह फरार था।
एसआईटी का दावा है कि बवाल में यह आरोपी सबसे आगे था। उस पर हत्या का भी आरोप है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कैद है। आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी हो चुका था। सीएए के विरोध में बाबूपुरवा में 20 दिसंबर को हुई हिंसा में गोली लगने से तीन युवकों की मौत हुई थी।
दस घायल हुए थे। मोहम्मद अकील के भी पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने इन घायलों पर भी हत्या, बलवा, लूट, आगजनी, हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कुछ समय पहले घायलों को अस्पताल से छुट्टी मिली थी। बाबूपुरवा थानाध्यक्ष व एसआईटी के विवेचक इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। इनमें से अकील को गिरफ्तार कर लिया गया है।