कानपुर में सब्जी और खाद्य कारोबारी के यहां आयकर की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। पनकी स्थित फैक्टरी में अफसरों ने जांच-पड़ताल की। वहीं संचालकों का वीआईपी रोड स्थित बंगले पर नोटिस चस्पा करके सील कर दिया गया है। संचालकों के आने पर आयकर अफसरों की मौजूदगी में बंगले को खोलकर जांच की जाएगी।
वाराणसी के आयकर अफसरों की टीम ने योगेंद्र कुरेले और चंचल कुरेले के वीआईपी रोड स्थित बंगले और पनकी साइट वन स्थित फैक्टरी में मंगलवार सुबह छापा मारा था। सूत्रों ने बताया कि बंगले में कोई नहीं मिला था। पता चला था कि दोनों संचालक दिल्ली में हैं। फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारी व स्टाफ से दूसरे दिन भी पूछताछ की गई।
इसके अलावा दस्तावेज, कंप्यूटर, लैपटॉप आदि चेक किए गए। सूत्रों ने बताया कि पनकी में केडीएम फूड नाम से फैक्टरी है। जो सब्जी मसाला के अलावा दाल, चावल और अन्य खाद्य पदार्थ से जुड़ा कारोबार करती है। इनका नयागंज डॉट कॉम नाम से स्टोर भी हैं। जो कुछ समय पहले ही खुले हैं। सूत्रों ने बताया कि वाराणसी में आइडिया ब्रांड नाम से सब्जी मसाला बनता है। इसके संचालक योगेंद्र कुरेले के रिश्तेदार हैं। सूत्रों ने बताया कि इनका दिल्ली में रियल इस्टेट का भी कारोबार है।