घर में काम करने के लिए एजेंसी के जरिए नौकरानी मंगाना एक रेस्टोरेंट कारोबारी को महंगा पड़ गया। पीड़ित ने लाखों रुपये कीमत की घड़ी चोरी करने का नौकरानी पर आरोप लगाया है। आशंका जताई कि उसने उनकी रोलेक्स की घड़ी बेचकर रुपये इकट्ठा किए और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अशोक नगर निवासी रेस्टोरेंट कारोबारी पवन कुमार गोयल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उन्हें घर में काम करने के लिए नौकरानी की जरूरत थी। उन्होंने एजेंसी से संपर्क किया। एजेंसी ने नई दिल्ली लाजपत नगर में स्थित कुमार पर्सनल सर्विस से बिहार के पटना के ग्राम खसरूपुर मोसिमपुर एम निवासी लक्ष्मी कुमारी को नौकरानी के कार्य के लिए भेज दिया। पीड़ित के अनुसार नौकरानी लगभग पिछले सात-आठ महीने से घर पर कार्य कर रही थी। आरोप है कि नौकरानी ने 30 जनवरी 2026 को उनकी वर्षों पुरानी लाखों रुपये कीमत की मूल्यवान रोलेक्स घड़ी चुरा ली।
नजीराबाद इंस्पेक्टर राजकेसर ने बताया कि घटना के तीन दिन बाद पीड़ित ने शिकायत की थी। इस पर तत्काल उन्होंने महिला पुलिसकर्मी से उसकी और सामान की तलाशी कराई थी लेकिन कुछ नहीं पता चला था। बाद में पीड़ित ने नौकरानी को नौकरी से निकाल दिया था। अब महिला ने वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया है वह तीन टुकड़ों में एडिट किया हुआ लग रहा है। इसमें एक में नोटों की गड्डी और बिखरे नोट दिख रहे हैं। वहीं एक में वह अपना चेहरा तो दूसरे में अंगुलियां नोट को छूते दिखाती नजर आ रही है। फिलहाल तहरीर के आधार पर नौकरानी के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।