ग्रीनपार्क के प्रस्तावित कायाकल्प और कमला क्लब की लीज खत्म होने के बाद उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) शहर में नए क्रिकेट सेंटर की तलाश कर रहा है। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में तैयार हो रहे नए क्रिकेट स्टेडियम पर नजर है। सूत्रों के अनुसार विश्वविद्यालय और यूपीसीए के बीच स्टेडियम के उपयोग को लेकर जल्द ही एमओयू साइन हो सकता है।
ग्रीनपार्क में करीब 350 करोड़ की लागत से प्रस्तावित कायाकल्प का काम फरवरी 2027 से होने की संभावना है। इससे दो से तीन साल तक यहां क्रिकेट की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। यूपीसीए के लंबे समय से क्रिकेट केंद्र रहे कमला क्लब की लीज इस वर्ष समाप्त हो चुकी है। एसोसिएशन को खिलाड़ियों के ट्रायल, कैंप और अभ्यास के लिए वैकल्पिक मैदान की जरूरत है। उन्नाव में यूपीसीए की जमीन पर क्रिकेट सुविधाएं विकसित करने की प्रक्रिया में समय लगने से सीएसजेएमयू का स्टेडियम विकल्प के रूप में सामने आया है।
विश्वविद्यालय का स्टेडियम
- फोटो : अमर उजाला
यूपीसीए सचिव सहित अन्य अधिकारी विश्वविद्यालय प्रशासन के संपर्क में हैं। यूपीसीए ने विश्वविद्यालय के सामने दो विकल्प रखे हैं। पहले प्रस्ताव में 50 हजार प्रतिमाह किराया, पूरे स्टेडियम का रखरखाव और एक स्थायी कोच देने की बात है। यह कोच विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को भी प्रशिक्षण देगा। दूसरे प्रस्ताव में 1.50 लाख रुपये प्रतिमाह, एक कोच और 100 बेड का छात्रावास शामिल है। इसमें मैदान का रखरखाव यूपीसीए के जिम्मे नहीं होगा। सूत्रों के मुताबिक विश्वविद्यालय प्रशासन पहले विकल्प पर सहमत है, लेकिन अधिक राशि की मांग कर रहा है। करार पहले एक वर्ष के लिए होगा और सहमति बनने पर इसे आगे दस वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।
विश्वविद्यालय का स्टेडियम
- फोटो : अमर उजाला
सात अलग-अलग तरह की पिचें तैयार
सीएसजेएमयू का क्रिकेट मैदान यूपीसीए के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां लाल, काली और कालाहांडी मिट्टी की कुल सात पिचें तैयार की गई हैं। मैदान का निर्माण यूपीसीए के पूर्व मुख्य पिच क्यूरेटर दिवंगत शिवकुमार की देखरेख में हुआ था। मैदान में ड्रेनेज सिस्टम भी है।
यूपी टी-20 और केपीएल की राह खुलेगी
यूपीसीए यहां घरेलू प्रतियोगिताएं कराने और बीसीसीआई के मानकों के अनुरूप सूचीबद्ध करा सकता है। इससे ग्रीनपार्क के अलावा एक और क्रिकेट सेंटर मिल सकेगा। भविष्य में केपीएल और यूपी टी-20 जैसी प्रतियोगिताओं की संभावना है।