कानपुर में बिल्हौर तहसील के ककवन थाना क्षेत्र अंतर्गत विशधन कस्बे में रविवार सुबह करीब 10 बजे एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। गश्त पर निकली यूपी 112 की पीआरवी सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे बनी गहरी खाई में जा पलटी। हादसे में पीआरवी में सवार पुलिसकर्मी अंदर ही फंस गए।
हादसा होते ही मौके पर तेज आवाज हुई और अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल के आसपास मौजूद ग्रामीणों ने जब पुलिस वाहन को खाई में पलटते देखा, तो वे तुरंत बचाव के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी के शीशे और दरवाजे किसी तरह खोलकर अंदर फंसे तीनों पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला।