उत्तर प्रदेश के कानपुर में एकतरफा प्यार का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। कानपुर में जाजमऊ निवासी एक सिरफिरा हैलट अस्पताल की एक डॉक्टर से एकतरफा प्यार करने लगा। वह पिछले दो सप्ताह से किसी न किसी बीमारी का बहाना बताकर हैलट अस्पताल की ओपीडी में जाने लगा।
महिला डॉक्टर ने इसकी जानकारी अस्पताल के कर्मचारियों को दी। शनिवार को हैलट अस्पताल के कर्मचारियों ने उसको जमकर पीटा और पुलिस को सौंप दिया। आरोपी पर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया गया है। जाजमऊ निवासी तौहीद अली कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर हैलट अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने गया था। एक महिला डॉक्टर ने उसे दवाएं दीं।
इसके एक-दो दिन बाद से वह लगातार ओपीडी जाने लगा। कुछ दिन पहले जब महिला डॉक्टर नहीं मिली तो वहां मौजूद अन्य डॉक्टरों से उसके बारे में पूछताछ करने लगा। इस पर सभी को शक हुआ। शनिवार को वह जब ओपीडी में पहुंचा तो उसको पकड़ लिया गया।
कर्मचारियों ने आरोपी की पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। स्वरूपनगर पुलिस को उसने अपनी एकतरफा प्यार की कहानी सुनाई। इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया आरोपी पर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया गया। शहर में डॉक्टर से एकतरफा प्यार का यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।