कानपुर देहात। सिकंदरा में खुद को गोली मारकर लूट की फर्जी कहानी रचने के आरोपी भट्ठा संचालक मोहम्मद आसिफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अवैध पिस्टल व बोलेरो बरामद हुई है।
आसिफ ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि कारोबार में हुए घाटे व पिता के भट्ठा बेचने की बात कहने पर उसने घटना की साजिश रची थी। मामले में उसके दो चाचा की पुलिस तलाश कर रही है।
पीतमपुर गांव निवासी ईंट-भट्ठा संचालक मोहम्मद आसिफ ने बुधवार को कार सवार बदमाशों की ओरसे गोली मारकर 5.90 लाख रुपये लूटने की सूचना पुलिस को दी थी। एसपी सुनीति ने बताया कि जांच में पूरी घटना झूठी साबित हुई।
फोरेंसिक जांच में भी भट्ठा संचालक के खिलाफ साक्ष्य मिले। इस पर मोहम्मद आसिफ व उसके चाचा कलाम व औवैश के खिलाफ घटना की साजिश रचने, फर्जी सूचना देने, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसपी के मुताबिक शुक्रवार रात को आरोपी मोहम्मद आसिफ को सिकंदरा पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आसिफ ने बताया कि उसकी गांव में एक शख्स से रंजिश चल रही थी। साथ ही कारोबार में हुए घाटे के चलते पिता भट्ठे को बेचना चाह रहे थे।
इसके चलते ही उसने चाचा कलाम व ओवैश के साथ मिलकर साजिश रची थी। उसने खुद ही अपने पैर पर गोली मारी थी। कलाम व औवैश की तलाश की जा रही है। शनिवार दोपहर बाद आसिफ को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।