क्राइम ब्रांच और बिठूर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को चकेरी से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने उनके पास से दो पिस्टल, 27.50 ग्राम स्मैक, 920 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपियों ने यूट्यूब चैनल के जरिये शहर में अपना नेटवर्क फैलाया। खरीदार मिलने के बाद असलहा और फिर स्मैक, चरस बेचने लगे।
डीसीपी क्राइम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि बिठूर थाने में दर्ज एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के दो अलग-अलग मामलों की जांच की जा रही थी। इन मामलों में पुलिस को लालबंगला के काजीखेड़ा निवासी बलराम राजपूत और उसके पड़ोसी रजत वर्मा की तलाश थी। सोमवार को मुखबिर सूचना पर क्राइम ब्रांच और बिठूर पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों को चिरान गांव में जंगल वाला वाॅटर पार्क के अंदर बने एक मकान से गिरफ्तार किया। दोनों वहां घूम-घूमकर स्मैक की पुड़िया बेच रहे थे। बलराम पर चकेरी, बिठूर और छावनी में नौ मुकदमे दर्ज हैं। रजत का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। फिलहाल नवंबर में उसकी शादी तय थी। दोनों आरोपियों को मंगलवार कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।