कानपुर में ट्रेनों के प्लेटफॉर्म और आउटर पर धीमी होते ही यात्रियों के मोबाइल और सामान पर हाथ साफ करने वाले दो शातिरों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों में एक बाबूपुरवा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि मंगलवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन के हरिशगंज पुल से झकरकटी की ओर जाने वाले रास्ते पर पीपल के पेड़ के नीचे चेकिंग के दौरान दोनों को पकड़ा।
आरोपियों की पहचान बाबूपुरवा निवासी इजहार अली उर्फ लाला उर्फ फैसल (25) और अल्तमस (20) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रेन के धीमे होने पर खिड़की और दरवाजे के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल और सामान को निशाना बनाते थे।