कानपुर में चकेरी क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े तीन युवकों ने एक घर में घुसकर महिला बैंककर्मी से दुष्कर्म का प्रयास किया। बचाने पहुंचे भाई को भी युवकों ने पीट दिया। तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी पनकी गंगागंज के बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस अभी तक आरोपियों के नाम नहीं बता सकी।
पीड़िता ने बताया कि वह परिवार के साथ किराये पर रहती है। रविवार दोपहर मकान में प्लंबरिंग का काम चल रहा था। इसी बीच तीन युवक उसके कमरे में घुस आए। नशे की हालत में उसे दबोच लिया और जबरदस्ती करने लगे। शोर मचाने पर दूसरे कमरे से भाई आया और उनसे भिड़ गया। इस बीच उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से, जबकि एक आरोपी को बाद में पकड़ा गया। चकेरी इंस्पेक्टर रत्नेश सिंह का कहना है कि तीनों से पूछताछ की जा रही है।
पूर्व में रहने वाली किरायेदार चलाती थी सेक्स रैकेट
आसपास के लोगों ने बताया कि पूर्व में इस मकान एक महिला किराये पर रहती थी। वह सेक्स रैकेट चलाती थी। आशंका है कि इसी धोखे में ये लोग घर के अंदर घुस आए।