छठ पूजा के बाद बिहार और पूर्वांचल से दिल्ली लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन और फेरों में विस्तार किया है। इसके तहत दानापुर और मालदा टाउन से दिल्ली के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। गाड़ी संख्या 04054 नई दिल्ली-हावड़ा विशेष ट्रेन 14, 16 और 18 नवंबर को चलेगी। वापसी में 04053 हावड़ा-नई दिल्ली विशेष ट्रेन 16, 18 और 20 नवंबर को संचालित होगी। इन ट्रेनों के गोविंदपुरी स्टेशन पर ठहराव से कानपुर के यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
गाड़ी संख्या 03231 दानापुर-आनंद विहार एकतरफा पूजा विशेष ट्रेन 17 नवंबर को दोपहर तीन बजे दानापुर से रवाना होगी। आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर और प्रयागराज होते हुए 18 नवंबर की रात 2:30 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। पांच मिनट ठहराव के बाद 2:35 बजे रवाना होकर गाजियाबाद होते हुए दोपहर 12:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।