कानपुर में दशहरा मेला और मूर्ति विसर्जन के चलते गुरुवार को शहर में कई थानों पर डायवर्जन किया गया है। परेड और आसपास के क्षेत्रों का यातायात बदला हुआ रहेगा। यहां शाम पांच बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, विसर्जन समाप्ति होने तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। पुलिस ने लोगों से जाम की स्थिति से बचने के लिए निर्धारित रूट के पालन की अपील की है।
डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने बताया कि कल्याणपुर से अर्मापुर की ओर भारी और मध्यम वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें जरीब चौकी–फजलगंज–विजयनगर होते हुए भौंती की ओर डायवर्ट किया जाएगा। कल्याणपुर से बारा सिरोही नहर की ओर भारी व मध्यम वाहन नहीं जा सकेंगे। इनके लिए शताब्दी नगर–गंगागंज क्रॉसिंग से भौंती तक का मार्ग तय किया गया है।