Kanpur News: जाजमऊ गंगापुल पर एनएचएआई के सड़क मरम्मत कार्य के चलते तीन किमी लंबा जाम लगा। पांच घंटे तक ट्रैफिक बाधित रहने से लखनऊ-कानपुर लेन पर हजारों यात्री परेशान रहे।
शुक्लागंज में जाजमऊ गंगापुल के लखनऊ-कानपुर लेन मार्ग पर एनएचएआई ने सोमवार को गड्डों की मरम्मत कराने का काम कराया। इससे रास्ता संकरा होने से जाजमऊ हाईवे पर दोपहर एक से शाम छह बजे तक पांच घंटे जाम लगा रहा। तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाले वाहन रेंगते हुए निकले। ऐसे में राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। जाजमऊ गंगापुल मार्ग पर एनएचएआई की ओर से गड्ढों की मरम्मत करते हुए उनका पैचवर्क कराया गया।
विज्ञापन
इस कारण पुल मार्ग संकरा रहा, ऐसे में कई बार भारी व बड़े वाहन पुल मार्ग पर फंसते रहे, जिससे रूक-रूक कर वाहन कानपुर की ओर निकले। ऐसे में जाजमऊ गंगापुल से कल्लूपुरवा तक यातायात प्रभावित रहा और तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। हालांकि जाम न लगने पाए इसके लिए कोतवाली गंगाघाट का फोर्स मौजूद रहा और वाहनों को एक-एक कर कतारबद्ध तरीके से निकलवाता रहा। जाजमऊ पुलिस चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि पुल पर सड़क मरम्मत कार्य के कारण यातायात प्रभावित रहा। वहीं बसों, कारों और अन्य प्राइवेट वाहनों से लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाले लोगों को घंटों दिक्कतें उठानी पड़ी।