शहर के जूही, बिधनू और महाराजपुर थानाक्षेत्र में हुए सड़क हादसों में तीन युवकों की जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शवों को पोस्टमॉर्टम भेज दिया। पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने पर मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जूही निवासी जयप्रकाश का बेटा आकाश गुप्ता (19) किदवईनगर स्थित मॉल में एक फूड कंपनी में डिलीवरी बॉय था। परिवार में मां कुसमा और छोटा भाई आशीष हैं। परिजनों ने बताया कि 24 दिसंबर की देर रात करीब तीन बजे आकाश डिलीवरी ड्यूटी पर था। 25 दिसंबर को करीब चार बजे तड़के कंपनी के लोगों ने घर आकर आकाश के घायल होने पर हैलट में भर्ती होने की जानकारी दी। देर शाम डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किदवईनगर में किसी चौपहिया वाहन से एक्सीडेंट की जानकारी दी गई। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। जूही इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार पटेल ने बताया कि परिजन तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बिधनू थाना क्षेत्र के शंभुआ निवासी रजेलाल के बेटे मनीष (32) बबली किन्नर के पास ढोलक बजाते थे। परिजनों ने बताया कि वह शनिवार सुबह करीब आठ बजे आसमां के साथ स्कूटी में पीछे बैठकर काम से जा रहे थे। रमईपुर चौराहा रौतारा मोड़ पर डंपर चालक टक्कर मार भाग निकला। हादसे में आसमां का हाथ टूट गया वहीं मनीष की मौत हो गई।