फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: मारपीट के बाद तीन को उठा ले गए दंबग, एक की हत्या कर शव फेंका,दो ने भागकर बचाई जान, आरोपियों की तलाश

Tue, 10 Mar 2026 07:28 AM IST
Himanshu Awasthi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: शुक्लागंज के बसधना गांव में दबंगों ने शराब पार्टी के दौरान एक युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी और शव को माखी क्षेत्र में फेंक दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
मृतक मनोकांत की फाइल फोटो - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शुक्लागंज में गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के बसधना गांव में रविवार की देर रात शराब पार्टी के दौरान रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। मारपीट करने वाले दबंगों ने हवाई फायरिंग की। साथ ही पास ही स्थित एक पान के खोखे में आग लगा दी। इसके बाद तीन युवकों को उठा ले गए। दो युवक उनके चंगुल से छूटकर किसी तरह भाग गए। तीसरे युवक की पीट-पीटकर हत्या कर उन्नाव जिले के माखी थाना क्षेत्र के सिंधुपुर मार्ग पर फेंककर भाग गए।

विज्ञापन

उधर, सुबह पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शाम को परिजनों ने पहुंचकर उसकी पहचान की। मृत युवक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर धारा बदली जाएगी। रविवार रात बसधना गांव निवासी मनोकांत शुक्ला (48), महेंद्र व रामजी पड़ोस में रहने वाले दबंग किस्म के विपिन के यहां बुलाने पर शराब पार्टी में गए थे।

पान के खोखे में भी लगा दी आग
शराब पीने के बाद नशे में धुत विपिन ने किसी पुरानी बात को लेकर तीनों से गाली गलौज शुरू कर दी, जिसका तीनों ने विरोध किया। आरोप है कि विपिन ने इस दौरान एक के बाद एक छह राउंड हवाई फायरिंग की और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर तीनों की पिटाई की। इसके बाद अपनी गाड़ी में लादकर उन्नाव शहर स्थित दूसरे घर ले गया। इस दौरान गांव के रहने वाले शिवबोध के पान के खोखे में आग भी लगा दी।

रामजी और महेंद्र रविवार देर रात भाग निकले
बताया जा रहा है कि शिवबोध से पांच दिन पहले ही विपिन से झगड़ा हुआ था। उधर, उन्नाव स्थित विपिन के घर से रामजी और महेंद्र रविवार देर रात भाग निकले। सोमवार दोपहर पुलिस को मामले की जानकारी दी। दोनों को जिला अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया। मनोकांत की तलाश में दोपहर बाद इनकी पत्नी सुमन, बड़े भाई कमलाकांत कोतवाली गंगाघाट पहुंचे।

पीट-पीटकर की हत्या, शव सड़क पर फेंका
सुमन की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार शाम को विपिन व साथी छोटू सनकी उर्फ शिवम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।  वहीं, सोमवार सुबह माखी थाना क्षेत्र के सिंधुपुर मार्ग पर सड़क किनारे मिले शव की पहचान रात में पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने मनोकांत शुक्ला के रूप में की। मृतक के भाई का आरोप है कि उनके भाई की पीट-पीटकर हत्या कर शव सड़क पर फेंका गया है।
विज्ञापन

एसओजी समेत पुलिस की तीन टीमें लगीं
मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान देखे गए हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। मनोकांत का शव मिला है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आरोपियों को पकड़ने के लिए एसओजी समेत पुलिस की तीन टीमें लगी है, जो दबिश दे रही हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें