सेन पश्चिमपारा पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तेल और तांबे की प्लेटें चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान कठोंगर गांव निवासी रामनरेश कुरील, अशोक कुरील और लक्ष्मी लाल कुरील के रूप में हुई। आरोपियों के पास से 111.60 किलो तांबे की प्लेटें, 11 हजार रुपये नकद, तमंचा-कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने नगवां और कुरियां क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तेल व तांबा चोरी करने की वारदात कबूली है। गिरोह के 16 सदस्य मिलकर चोरी की वारदात करते हैं।
डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि बिधनू के भारू उपकेंद्र के अवर अभियंता अरविंद कुमार ने नगवां गांव में आठ सितंबर की रात सेनपश्चिम पारा थाने में चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बिधनू में भी इसी तरह की चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। मंगलवार रात आरोपी फिर से चोरी की फिराक में थे। पुलिस ने हाईटेंशन लाइन के पास स्थित खाली प्लाॅट से तीनों को दबोच लिया। उनके दो साथी चिलबिल उर्फ राजेंद्र और बड़कऊ उर्फ नरेश भाग निकले।
पूछताछ में चकेरी के कबाड़ी बबलू को तेल और तांबा बेचने की जानकारी दी है। उसकी तलाश की जा रही है। डीसीपी ने बताया कि लक्ष्मी लाल पर 30 और अशोक पर 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। अशोक के खिलाफ फतेहपुर, बिधनू और इटावा के चकरनगर से गैंगस्टर में भी कार्रवाई हो चुकी है। रामनरेश पर भी दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।