ऑटो चुराकर भागे तीन आरोपियों को पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे और लोकेशन की मदद से पकड़ लिया। चिड़ियाघर तिराहे के पास 28 अक्तूबर की रात करीब 11:30 बजे एनआरआई सिटी फेज दो निवासी सोनू सिंह अपना ऑटो खड़ा कर नित्यक्रिया कर रहा था। अचानक तीन युवक आए और ऑटो में लगी चाबी से स्टार्ट कर भाग निकले। ऑटो एक नामी टैक्सी कंपनी का चलाया जा रहा था। उसमें ऑटो के साथ उसकी लोकेशन भी आती है। चालक ने नवाबगंज पुलिस को चोरी की जानकारी दी। नवाबगंज इंस्पेक्टर केके तिवारी ने बताया कि एचबीटीयू चौकी प्रभारी अरुण सिंह ने सीसीटीवी कैमरे और कंपनी के लोकेशन के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान चौबेपुर निवासी निखिल यादव, नवाबगंज निवासी करण निषाद, पनकी निवासी सुशील गौतम के रूप में हुई है। तीनों के आपराधिक रिकार्ड देखे जा रहे हैं।