Kanpur News: शुक्लागंज के मनसुख खेड़ा में सोमवार शाम एक सेल्समैन के घर से चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर पांच लाख के जेवर चोरी कर लिए। वारदात उस समय हुई जब सेल्समैन की पत्नी महज दो घंटे के लिए घर में ताला लगाकर मायके गई हुई थी।
कानपुर के शुक्लागंज में कोतवाली गंगा घाट के पश्चिमी चौकी क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला चंपा पुरवा के मनसुख खेड़ा में रहने वाले एक सेल्समैन के घर में चोरों ने करीब पांच लाख के जेवर पार कर दिए। शातिर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे थे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देने की बात कही है। मनसुख खेड़ा निवासी जयकुमार ठाकुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम छह बजे उनकी पत्नी उषा अपने मायके मिश्रा कॉलोनी घर में ताला बंद करके चली गई थी।
विज्ञापन
रात आठ बजे जब वापस लौटी, तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी के लॉकर का ताला भी टूटा था, जिसमें रखें तकरीबन पांच लाख के जेवर गायब थे। पीड़ित ने बताया कि उनकी बेटी पूजा कानपुर में जॉब करती है, जबकि बेटा कृष्ण कुमार दिल्ली में रहता है और घर पर पत्नी अकेले थी। वहीं, चोरी की घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच करने की बात कही है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।