टाइल्स की दुकान में दीवार तोड़कर लाखों की चोरी
- फोटो : अमर उजाला
बिठूर थाना क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने दो जगह वारदात को अंजाम दिया। मंधना में जीटी रोड किनारे एक टाइल्स-सैनिटरी गोदाम से करीब पांच लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। वहीं, संविलियन विद्यालय को भी निशाना बनाया। कल्याणपुर के अजय तिवारी उर्फ अज्जू की मंधना में टाइल्स और सैनिटरी की दुकान व गोदाम है। वह सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो गोदाम की दीवार टूटी मिली।
जांच में पता चला कि चाेर साढ़े तीन लाख रुपये की टाइल्स-सैनिटरी सामग्री, एक लाख रुपये के सिंक, वॉश बेसिन, बड़ा इन्वर्टर और बैटरी ले गए। बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित अजय तिवारी ने बताया कि उनकी दुकान में चार महीने पहले भी चोरी हुई थी। वहीं, चोरों ने मंधना स्थित संविलियन विद्यालय से वाटर कूलर और आधा दर्जन पीतल की टोटियां उखाड़ लीं। मंगलवार सुबह विद्यालय खुलने पर चोरी का पता चला। प्रधानाध्यापिका कमर जहां ने मंधना चौकी में तहरीर दी।