कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र के स्वर्ण जयंती विहार में बृहस्पतिवार रात को निर्माणाधीन मकान में घुसे दो बदमाशों ने बड़े ही बेखौफ अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया। घर में मौजूद दो महिलाओं ने लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू की नोक पर बंधक बनाया।
इसके बाद एक बदमाश ने गैस जलाकर चाकू गरम की और किडनी निकाल लेने की धमकी देकर नगदी समेत दो लाख के जेवरात समेट ले गए। मूलरूप से हमीरपुर निवासी सौरभ सिंह ने बताया कि वे यशोदा नगर निवासी इंजीनियर अंकुर कटियार के स्वर्णजयंती विहार के निर्माणाधीन मकान में पत्नी पूनम, मां प्रेमकुमारी और दो साल के बेटे कुनाल के साथ रहकर रखवाली करते हैं।