Kanpur News: कानपुर की गुलाबी बिल्डिंग में शराब ठेके के विरोध में क्षेत्रीय जनता और आबकारी अधिकारियों के बीच भारी हंगामा और तीखी बहस हुई। स्थिति को संभालने के लिए एडीसीपी और एसीपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
कानपुर में गुलाबी बिल्डिंग स्थित शराब ठेके के बाहर चल रहा क्षेत्रीय जनता का धरना बुधवार को हंगामे में तब्दील हो गया। मौके पर पहुंचे आबकारी विभाग के अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच जमकर तीखी बहस हुई। क्षेत्रीय महिलाओं और पुरुषों ने ठेके को वहां से हटाने की मांग को लेकर जबरदस्त नारेबाजी की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
धरनास्थल पर जब आबकारी विभाग के अधिकारी वार्ता करने पहुंचे, तो क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय निवासियों ने अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए उनसे सीधा सवाल-जवाब किया। इस दौरान दोनों पक्षों में काफी देर तक नोकझोंक चलती रही। लोगों ने कहा कि गुलाबी बिल्डिंग जैसे व्यस्त क्षेत्र में शराब ठेके से अराजकता फैलती है और महिलाओं का निकलना दूभर हो गया है।