अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व और पुलिस टीम से अभद्रता
- फोटो : amar ujala
कानपुर में नरवल थाना क्षेत्र के दीपापुर गांव में शनिवार शाम ग्राम समाज की जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व और पुलिस टीम के साथ हुई अभद्रता के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। लेखपाल सत्येंद्र सिंह की तहरीर पर दो नामजद और करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शनिवार को नायब तहसीलदार अजय प्रकाश सिंह के नेतृत्व में टीम दीपापुर में ग्राम समाज की भूमि पर हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने पहुंची थी। इसी दौरान गांव की एक दर्जन से अधिक महिलाओं और दो दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों ने टीम का विरोध शुरू कर दिया।