कानपुर। यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण के लिए ट्रायल और ट्रांसफर विंडो की शुरुआत हो चुकी है। 14 अगस्त से छह सितंबर तक ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित होने वाली लीग के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से चल रही है। पहले चरण में वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों के ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। कानपुर सुपर स्टार्स के लिए ट्रायल 25 जून से होंगे।
इस बार ट्रायल प्रक्रिया के अंतिम चरण में कानपुर सुपर स्टार्स की चयन प्रक्रिया होगी। 25 से 30 जून तक ग्रीनपार्क में होने वाले ट्रायल में कानपुर मंडल के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल), केडीएमए लीग और अन्य शहरी क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजी की नजर रहेगी।
कानपुर सुपर स्टार्स की टीम प्रबंधन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, फिटनेस और मैच प्रदर्शन का मूल्यांकन करेगी। चयनित खिलाड़ियों को आगामी सीजन के लिए टीम के खेमे में शामिल किया जाएगा। यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि चौथे संस्करण में टीमों के बीच संतुलन बनाए रखने और प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक फ्रेंचाइजी को 23 से 25 खिलाड़ियों का स्क्वॉड तैयार करना होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रायल और ट्रांसफर विंडो की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। ग्रीनपार्क में होने वाले ट्रायल का इंतजार कानपुर और आसपास के जिलों के युवा क्रिकेटरों को है।