चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में शनिवार देर रात एग्री बिजनेस मैनेजमेंट (एबीएम) और पीएचडी के छात्रों के बीच जमकर संघर्ष हो गया। दोनों गुटों के बीच लाठी-डंडे चले। कई छात्रों के सिर फूट गए तो कई गंभीर रूप से घायल हो गए। विवि प्रशासन ने मामले की जांच करने की बात कही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें छात्रों के हाथों में लाठी-डंडे दिख रहे और एक छात्र का सिर फटा नजर आ रहा है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। विवि के सूत्रों ने बताया कि कैंपस में किसी बात को लेकर एबीएम और पीएचडी छात्रों के बीच पहले मामूली विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर रात एबीएम के छात्र पीएचडी स्कॉलर्स के हॉस्टल तक पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई।
बात बढ़ी और फिर हाथापाई होने लगी। इसी दौरान कुछ छात्र लाठी और डंडे लेकर आ गए जिसके बाद बात बिगड़ गई। आपसी मारपीट में कई छात्रों को चोटें आईं। छात्रों के सिर भी फट गए। हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी घटना के दौरान विश्वविद्यालय का सुरक्षा विभाग काफी देर तक अनजान बना रहा। बताया जा रहा है कि घटना के काफी समय बाद सीएसए के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे।
सीएसए के डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि घटना में घायल छात्रों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नवंबर में भी अलग-अलग हॉस्टलों के छात्रों के बीच हुई थी मारपीटइस घटना ने सीएसए कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। छात्रों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच जाते तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। बता दें कि सीएसए परिसर में यह पहली बार नहीं है जब छात्रों के बीच हिंसक झड़प हुई हो। इससे पहले नवंबर में भी दो अलग-अलग हॉस्टलों के छात्रों के बीच मारपीट की घटना सामने आई थी। उस दौरान सीनियर छात्रों पर जूनियर छात्रों के हॉस्टल में पथराव करने के आरोप लगे थे।