डिलीवरी के लिए 40 पैकेट लेकर निकला डिलीवरी बॉय तीन मोबाइल वाले बॉक्स लेकर लौट आया। कंपनी में बॉक्स खोले गए तो अंदर पत्थर के टुकड़े और कागज भरे मिले। तीनों मोबाइलों की कीमत 56,910 रुपये बताई गई। मामला खुलने के बाद आरोपी डिलीवरी बॉय मोबाइल बंद कर गायब हो गया। कंपनी की तहरीर पर नवाबगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
लखनऊ पूर्वी के विकासनगर निवासी कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि शैलेश गौड़ ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि न्यू अशोकनगर नजीराबाद निवासी पुनीत श्रीवास्तव आजादनगर स्थित डिलीवरी हब में डिलीवरी बॉय था। 17 जून को वह हब से 40 शिपमेंट लेकर डिलीवरी के लिए निकला। लौटने के बाद उसने अनडिलीवर्ड शिपमेंट की निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं कराई और तीन मोबाइल वाले बॉक्स हब में रखकर चला गया। तीनों पैकेट को लेकर कर्मचारियों को संदेह हुआ। जांच के दौरान बॉक्स खोले गए तो उनमें मोबाइल के बजाय पत्थर के टुकड़े और कागज मिले।