नई दिल्ली से गया जाने वाली 12398 महाबोधि एक्सप्रेस के एम-3 कोच में सांप दिखने से अफरातफरी मच गई। अलीगढ़ के पास दो यात्रियों ने सांप दिखने की सूचना एक्स पर डाली। जब ट्रेन सेंट्रल स्टेशन पहुंची तो आरपीएफ व जीआरपी की टीम ने यात्रियों से बात कर जांच की लेकिन कोई सांप नहीं मिला। करीब आधे घंटे ट्रेन खड़ी रही। इसके बाद ट्रेन को रवाना कर दिया।
महाबोधि एक्सप्रेस में एम-3 कोच में सफर कर रहे मो. अब्दुल्ला और जितेश दुबे ने सांप होने की जानकारी एक्स पर पोस्ट कर रेलवे विभाग से मदद मांगी। ट्रेन अलीगढ़ से निकल चुकी थी। जब ट्रेन कानपुर सेंट्रल पर रात 8:06 बजे प्लेटफार्म पांच पर पहुंची तो रेलवे के स्टाफ के साथ आरपीएफ, जीआरपी व वन विभाग की टीम भी पहुंच गई। कोच से यात्रियों को समान के साथ उतारा गया और जांच पड़ताल की गई लेकिन कुछ भी नहीं मिला। जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने बताया कि रेलवे, आरपीएफ व जीआरपी की संयुक्त टीम ने कोच में तलाशी ली थी लेकिन सांप नहीं दिखा।