डिपो के बाहर के इंतजार में खड़ीं सवारियां
- फोटो : amar ujala
कानपुर में ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों के लिए खुशखबरी है। दीपावली तक इन रूटों पर परिवहन निगम 40 छोटी बसें संचालित करने लगेगा। राज्य सरकार की पहल पर 42 सीटर नई बसों के लिए ग्रामीण क्षेत्रों का रूट प्लान फाइनल कर लिया गया है। मंगलवार तक कुल 20 नई बसें विकास नगर स्थित डिपो में पहुंच गईं, जबकि शेष 20 अगले सप्ताह तक आ जाएंगी। अभी चार छोटी बसों का संचालन उन्नाव-कानपुर-आगरा और उन्नाव-कानपुर-लखनऊ रूट पर हो रहा है।
किदवईनगर डिपो से भी दो बसें कानपुर से भीतरगांव और घाटमपुर रूट पर चल रही हैं। इन नई 40 बसों के आने के बाद कानपुर देहात के झींझक, मंगलपुर, रसूलाबाद, मैथा, चांदपुर जैसे क्षेत्रों में ग्रामीण रूटों पर इन्हें भेजा जाएगा। परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि कानपुर से बिल्हौर और माती रूट पर बसों की मांग अधिक रहती है। इसलिए माती, कानपुर, झांसी, लखनऊ रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। गांव और कस्बों में छोटी बसों का संचालन शुरू होने से ग्रामीणों का शहर तक आवागमन आसान हो जाएगा।