वन विभाग की टीम ने गुजैनी पुलिस के सहयोग से रविवार को लोहे के पुल के पास से छह लोगों को पाइथन, कोबरा, रैट स्नैक जैसे जहरीले सांपों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सांपों का प्रयोग नाट्य प्रस्तुति के दौरान करते थे। इनके पास से एक बाइक और कार मिली है जिन्हें सीज कर दिया गया है।
गुजैनी थाना प्रभारी अमरनाथ विश्वकर्मा ने बताया कि वन विभाग की टीम की सूचना पर लोहे के पुल के पास ईको वैन को रोका गया। तलाशी लेने पर कपड़े के थैले से तीन रैट स्नैक, नीले रंग के प्लास्टिक के डिब्बे में कोबरा और प्लास्टिक की बोरी से रॉक पाइथन बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों में दामोदरनगर निवासी मनोज गुप्ता, बर्रा आठ का गौरव विश्वकर्मा, भरत वर्मा और शिवा, जाजमऊ का कैंडी शर्मा और जरौली का अमन श्रीवास्तव शामिल है।
आरोपियों ने बताया कि वह लोग नाट्य प्रस्तुति देकर जीवन यापन करते हैं और तात्याटोपेनगर में प्रस्तुति देकर लौटे रहे हैं। बताया कि सभी सांपों को सपेरों से खरीदा है। क्षेत्रीय वन अधिकारी आयुष त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरामद सांपों का वीडियो बनाकर उन्हें सुरक्षित रख लिया गया। अदालत से आदेश प्राप्त होने के बाद सांपों को प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।