दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचे अधिवक्ता शुभम जोशी
- फोटो : अमर उजाला
लद्दाख की दुर्गम पहाड़ियों को पार कर दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबल चोटी उल्मिंग ला पर पहुंचे कानपुर के अधिवक्ता शुभम जोशी ने युवा वकीलों के आर्थिक संबल का मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल से मांग की कि अधिवक्ताओं को पेशे में स्थापित होने के लिए पंजीकरण के शुरुआती पांच वर्षों तक प्रतिमाह 15 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाए।
अधिवक्ता कल्याण संघर्ष समिति के सक्रिय सदस्य शुभम, समिति के संयोजक और लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पं. रवींद्र शर्मा के पुत्र हैं। लद्दाख यात्रा के दौरान उन्होंने वहां के अधिवक्ताओं से मुलाकात की और दुर्गम रास्तों से होते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज उल्मिंग ला चोटी पर पहुंचे।
शुभम ने वीडियो में कहा कि अधिवक्ता समाज के उत्थान में निरंतर योगदान दे रहे हैं, लेकिन उनके लिए कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने कानून मंत्री से युवा अधिवक्ताओं को आर्थिक मजबूती देने के लिए 15 हजार रुपये मासिक प्रोत्साहन राशि की योजना लागू करने की मांग की।