गोविंदनगर थानाक्षेत्र के रतनलालनगर में परचून दुकानदार मुकेश गुप्ता से 1.10 लाख रुपये की ठगी हो गई। सड़क पर गिरे मोबाइल के जरिये ठगों ने वारदात को अंजाम दिया। बैंक में खाते से रुपये निकालने पहुंचे तो जानकारी हुई। पीड़ित ने अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मुकेश गुप्ता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि एक अगस्त को उनका मोबाइल गिर गया था जिसकी ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चार अगस्त को वह बैंक खाते से रुपये निकालने पहुंचे ताे दाे बार में एक लाख दस हजार रुपये आरबीएल बैंक के खाते में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी मिली। बताया न तो उनके पास डेबिट कार्ड है और न ही वह ऑनलाइन बैंकिंग करते हैं। गोविंदनगर थाना प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि साइबर सेल से मदद ली जा रही है। फिलहाल दुकानदार की रिपोर्ट दर्ज करके रुपये वापस कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।