बिठूर थानाक्षेत्र के पारा प्रतापपुर गांव में उधार देने से मना करने पर चार युवकों ने परचून दुकानदार वसीम को पीट दिया। आरोप है कि सलमान ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर बिठूर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
वसीम गांव में ही परचून की दुकान चलाते हैं। उनका आरोप है कि रविवार देर रात अनवर, सलमान, सिफान और छोटू दुकान पर पहुंचे। चारों पर पहले से दुकान के सामान का उधार बकाया था। इसके बावजूद वे दोबारा उधार मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने कुछ देर बाद उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सलमान ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।