फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: तपती धूप में अंडरपास जाम से बेहाल स्कूली बच्चे, सरसौल-महाराजपुर में एक घंटे तक फंसे वाहन

Fri, 08 May 2026 01:29 PM IST
प्रसून शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र के कुलगांव, महाराजपुर और सरसौल अंडरपास में लगने वाला रोजाना का जाम स्कूली बच्चों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। विशेषकर दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच स्कूलों की छुट्टी के समय हालात बेहद खराब हो जाते हैं, जब हजारों बच्चे स्कूल वाहनों में चिलचिलाती धूप के बीच घंटों जाम में फंसते हैं।
विज्ञापन
अंडरपास में लगा जाम - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चिलचिलाती धूप और ऊपर से भीषण जाम की दोहरी मार स्कूली बच्चों पर भारी पड़ रही है। सरसौल, महाराजपुर और कुलगांव अंडरपास पर ट्रैफिक का 'सिस्टम' पूरी तरह फेल नजर आ रहा है। शुक्रवार को भी छुट्टी के वक्त सरसौल अंडरपास पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिसमें फंसे छोटे-छोटे बच्चे गर्मी से बेहाल दिखे। यह स्थिति तब है जब यहाँ आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है, लेकिन प्रशासन के दावे केवल कागजों तक ही सीमित नजर आ रहे हैं।

छुट्टी होते ही बन जाते हैं 'मौत के गलियारे'

विज्ञापन

महाराजपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंडरपास अब स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन चुके हैं। दोपहर 12 से 1 बजे का समय बच्चों के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होता। कुलगांव में एलेन हाउस, महाराजपुर में ऑक्सफोर्ड स्कूल, आर.के. एजुकेशन सेंटर, सुरजन सिंह इंटर कॉलेज और सरसौल में शिवनाथ शिवदास व ग्राम भारती इंटर कॉलेज जैसे बड़े विद्यालयों की छुट्टी लगभग एक ही समय पर होती है। इन सभी स्कूलों के वाहन, बसें और वैन अंडरपास से होकर ही गुजरते हैं। संकरे रास्ते और वाहनों के भारी दबाव के कारण रोजाना 12 से 1 बजे के बीच यहाँ भीषण जाम लग जाता है। शुक्रवार को भी स्थिति वैसी ही रही; पारा 40 डिग्री के पार था और मासूम बच्चे स्कूल वैन के अंदर पसीने से तर-बतर होकर जाम खुलने का इंतजार करते रहे।

दिखावे की तैनाती: कुछ दिन गार्ड, फिर वही हाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। जाम से निजात दिलाने के नाम पर सिर्फ 'खानापूर्ति' की जाती है। जब विरोध बढ़ता है, तो कुछ दिनों के लिए अंडरपास पर गार्ड तैनात कर दिए जाते हैं और स्थिति सामान्य दिखने लगती है। लेकिन कुछ ही दिनों बाद गार्ड गायब हो जाते हैं और व्यवस्था फिर से जस की तस हो जाती है। पुलिस की पिकेट ड्यूटी का अभाव और वाहनों की बेतरतीब आवाजाही इस जाम को और अधिक भयावह बना देती है।

जाम खुलवाने की कोशिश करते पुलिसकर्मी - फोटो : amar ujala

एक घंटे की मशक्कत के बाद खुली राह

शुक्रवार दोपहर जब सरसौल अंडरपास पर वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए, तो राहगीरों और अभिभावकों का धैर्य जवाब दे गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के काफी देर बाद पहुंची पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत की और एक-एक कर वाहनों को निकलवाना शुरू किया। करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका, लेकिन तब तक बच्चे और राहगीर धूप में बुरी तरह बेहाल हो चुके थे।

विज्ञापन

अधिकारी बोले- अब तैनात होगा अतिरिक्त बल

इस पूरे मामले पर महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि सभी अंडरपास पर गार्ड की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार के जाम की सूचना पर पुलिस बल भेजकर यातायात बहाल कराया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए पीक आवर्स (छुट्टी के समय) में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा ताकि स्कूली वाहनों को बिना रुकावट निकाला जा सके।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें