क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर क्रिप्क्यू प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों ने बेनाझाबर निवासी कृष्ण कुमार को आठ लाख रुपये का चूना लगा दिया। कंपनी ने पहले होटल लैंडमार्क में कार्यक्रम आयोजित कर अपनी विश्वसनीयता का प्रचार किया। नामचीन लोगों के साथ इंटरव्यू और केंद्रीय मंत्रियों से सम्मानित होने के वीडियो दिखाकर निवेशकों का भरोसा जीता। शुरुआत में एप के जरिये रकम और रिटर्न मिलने से युवक का विश्वास बढ़ा लेकिन नई स्कीम में निवेश के बाद रुपये लौटाने बंद कर दिए गए। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली में कंपनी के तीन निदेशकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कृष्ण कुमार ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वर्ष 2020 में उन्हें टेलीग्राम पर मैसेज मिला। इसमें हरियाणा गुड़गांव सोहना रोड स्थित क्रिप्क्यू कंपनी के निदेशक अभिषेक भंडारी क्रिप्टो में निवेश कर अच्छा रिटर्न दिलाने की बात थी। उसके होटल लैंडमार्क आने की जानकारी भी थी। वहां पहुंचने पर फर्म के दस्तावेज दिखाए गए। साथ आए सिद्धार्थ शुक्ला, अंकित भसींग को भी कंपनी का निदेशक बताया।
तमाम वीडियो दिखाकर भरोसा जीता गया। इससे प्रभावित होकर कृष्ण कुमार ने दो मार्च से 16 अगस्त 2023 के बीच 13 बार में कुल आठ लाख रुपये कंपनी के बताए खातों में जमा किए। जब रकम नहीं लौटाई गई तब ठगी का पता चला। कंपनी के ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लटकता मिला। थाने में सुनवाई न होने पर कोर्ट में गुहार लगाई। कोतवाली इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई है।