सीसामऊ थानाक्षेत्र के गांधीनगर में महिला सिपाही से लूट के मामले में गुरुवार को सीसामऊ पुलिस ने बजरिया के कंघी मोहाल निवासी चप्पल कारीगर मारूफ को गिरफ्तार किया है। वहीं उसका साथी कर्नलगंज निवासी श्यान फरार हो गया। वारदात के दौरान स्कूटी मारूफ चला रहा था। पुलिस ने बताया कि 27 दिसंबर की रात 10 बजे से मारूफ साथी संग घूम-घूमकर शराब पी रहा था। शराब के लिए रुपये खत्म होने पर 28 दिसंबर की भोर सिपाही का पर्स लूटा था। पुलिस ने 1400 रुपये, परिचय पत्र व आधार बरामद किया है।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि चमनगंज निवासी सिपाही महिला थाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं। 28 दिसंबर की सुबह वह ड्यूटी खत्म करके वह अपने आवास चमनगंज जा रही थीं। गांधी नगर इलाके में पंचम पनीर वाले के पास स्कूटी से आए दो लुटेरे उनके हाथ से पर्स छीनकर भाग निकले थे। पीड़िता के अनुसार पर्स में दस हजार रुपये, ब्लूटूथ डिवाइस व अन्य जरूरी दस्तावेज थे। सिपाही ने सीसामऊ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। डीसीपी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। सर्विलांस टीम भी लगाई गई। बताया कि आरोपियों की योजना पहले घंटाघर पर एक व्यापारी को लूटने की थी। इसके बाद रात में चमनगंज और फिर अजमेरी चौराहा, जरीब चौकी पहुंचे। रुपये खत्म होने पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।