इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन में अकाउंट हेड बताकर पेट्रोल पंप आवंटित कराने का झांसा देकर जालसाज ने सेवानिवृत्त फौजी से 58.60 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी की ओर से व्हाट्सएप पर भेजे गए दस्तावेज जांच में कूटरचित निकले। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गोविंदनगर की चरण सिंह कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त फौजी मनोरथ प्रसाद ध्यानी ने बताया कि बड़े भाई की बरसी में शामिल होने वह महाराष्ट्र के नागपुर स्थित बूटीबोरी गए थे। वहां उनकी मुलाकात भतीजे अमन ध्यानी के मित्र कुनाल प्रदीप सिंह चंदेल से हुई। पारिवारिक परिचय के कारण कुनाल का उनके घर आना-जाना था। आरोप है कि कुनाल ने आसानी से पेट्रोल पंप आवंटित कराने का भरोसा दिया। पत्नी के नाम पर पेट्रोल पंप लेने की इच्छा जताने पर उसने पंजीकरण, लाइसेंस और विभागीय लेनदेन के नाम पर रकम मांगनी शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक, जून 2022 से जुलाई 2023 के बीच उन्होंने अपने और एक परिचित के बैंक खाते से आरोपी के खाते में 50,16,800 रुपये ट्रांसफर किए। अप्रैल 2024 में कानपुर आए कुनाल ने परेड स्थित होटल में उनसे 8,43,200 रुपये नकद भी लिए। इस तरह कुल 58,60,000 रुपये की ठगी की गई।