Kanpur News: सेवानिवृत्त सीओ की बेटी के घर एक अधिवक्ता ने साथियों के साथ मिलकर धावा बोल दिया। मामले में अधिवक्ता समेत 85 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना कल्याणपुर थानाक्षेत्र के राजकीय उन्नयन बस्ती की है।
कल्याणपुर थानाक्षेत्र स्थित राजकीय उन्नयन बस्ती में एक अधिवक्ता ने रविवार को साथियों के साथ मिलकर सेवानिवृत्त सीओ की बेटी के घर धावा बोल दिया। हमलावरों ने उनपर फायर भी झोंका। हालांकि वह बच गईं। डीसीपी पश्चिम के आदेश पर अधिवक्ता समेत 85 के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन
व्यापारी बलराज सिंह मीणा राजकीय उन्नयन बस्ती में पत्नी शिखा सिंह के साथ रहते हैं। उनके ससुर सेवानिवृत्त सीओ हैं। बलराज ने बताया कि रविवार की शाम इलाके के रहने वाले अधिवक्ता श्याम सिंह राणा ने रजत, नीरज, तुन्ना, विशाल वर्मा, बाली, लुई, सनी, भोटा, खन्ना व 15 महिलाओं समेत लगभग तीन दर्जन लोगों के साथ उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की। घर में अकेले मौजूद शिखा के विरोध करने पर फायर झोंक दिया। हालांकि वह बाल-बाल बच गईं।
पत्नी के सूचना देने पर पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर निकल गए। व्यापारी का आरोप है कि अधिवक्ता के खिलाफ दर्ज एक मामले में वह गवाह हैं। गवाही न देने के लिए दबाव बना रहे हैं। उनके न मानने पर ही हमला किया गया। कल्याणपुर एसीपी अभिषेक पांडेय ने बताया कि आला अधिकारियों को निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कार्रवाई की जा रही है।